24/07/2026
जंतर-मंतर से लौट रहे कुछ युवाओं को कथित रूप से हिरासत में लिए जाने के बाद जब वकील उनकी कानूनी सहायता के लिए लोधी कॉलोनी थाने पहुँचे, तो वहाँ पुलिस और वकीलों के बीच हुए कथित दुर्व्यवहार की घटना ने गंभीर सवाल खड़े कर दिए। इस घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए, जिनमें पुलिसकर्मियों द्वारा वकीलों के साथ धक्का-मुक्की किए जाने का दावा किया गया। बाद में संबंधित पुलिसकर्मी एचसी विक्रांत द्वारा अपने व्यवहार के लिए माफी मांगने और गलती स्वीकार करने की बात सामने आई। इसे एक सकारात्मक कदम माना जा सकता है, लेकिन यह भी अपेक्षा की जा रही है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और कानून के रखवाले स्वयं कानून और नागरिकों के अधिकारों का सम्मान करें। इस पूरे मामले में अधिवक्ता सचिन पुरी, रत्नेश शर्मा, तनय सिंह चौहान तथा पूरी डीएचसीबीए (DHCBA) टीम की त्वरित प्रतिक्रिया और कानूनी सहयोग की भी सराहना की जा रही है।