05/01/2026
सच बोलूँ?
हम सब ज़िंदगी में कभी–कभी रुक जाते हैं। कभी डर से, कभी लोगों की बातों से, कभी परिस्थितियों के बहाने से।
हम सोचते हैं —किस्मत बदले तो जिंदगी बदलेगा ।
लेकिन सच ये है कि “किस्मत नहीं बदलती, निर्णय बदलते हैं और वही किस्मत बना देते हैं।”
ताज सामने था, राज्य सामने था, सुंदर भविष्य सामने था-बस एक निर्णय चाहिए था —“मैं क्यों जाऊँ वन?” लेकिन रामजी ने कहा कि
“अगर धर्म यही है, तो मुस्कुराकर स्वीकार है।”
यही फर्क है,
जो इंसान को राजा नहीं, आदर्श बनाता है। आज आराम चुनना आसान है, सही चुनना मुश्किल। लेकिन इतिहास हमेशा उसी का बनता है, जो “सही” चुनने का साहस करता है।
आज के समय में रिश्ते convenience से चलते हैं, लेकिन सीता जी ने commitment को चुना।
उन्होंने नहीं कहा—“ये तुम्हारी समस्या है।” उन्होंने कहा—“अगर ये यात्रा है, तो हम साथ चलेंगे।”
प्रेम सिर्फ “कह देने” से नहीं, “निर्णय लेकर निभाने” से पवित्र बनता है।
हनुमान जी ने जिंदगी को एक वाक्य में तय कर दिया-
“मेरा होना = सेवा।”
उन्होंने ये नहीं सोचा—मुझे क्या मिलेगा? उन्होंने ये सोचा— मुझसे क्या हो सकता है? और दुनिया गवाह है— समर्पण से लिया गया निर्णय इंसान को देवत्व तक पहुँचा देता है।
आज लोग अधिकार के लिए, कुर्सी के लिए, Ego के लिए रिश्ते तक छोड़ देते हैं। भरत के सामने पूरा सिंहासन था, लेकिन उन्होंने कहा—
“राम के बिना अयोध्या अधूरी है।”
ये निर्णय साधारण नहीं था। ये उस चरित्र का उदाहरण था, जो राजाओं से नहीं, महानों से जुड़ता है।
और हाँ—रावण भी सिखाता है
उसके पास शक्ति थी, ज्ञान था, बुद्धि थी। बस उसके निर्णय उसके अहंकार से निकले और यही उसका अंत बन गया।
इसलिए ताकत आपको ऊपर नहीं ले जाती। ताकत के साथ लिए गए सही निर्णय आपको ऊपर ले जाते हैं।
हमारी जिंदगी में भी रोज़ “रामायण” लिखी जाती है —जब career चुनना हो, जब कठिन सच बोलना हो, जब ego छोड़कर रिश्ता बचाना हो, जब सही के लिए खड़ा होना हो।
हर बार किस्मत नहीं बदलती। हमारा निर्णय बदलता है।
इसलिए
सही निर्णय हमेशा आसान नहीं होते। सही निर्णय हमेशा तुरंत खुशी नहीं देते। लेकिन सही निर्णय जीवनभर का गर्व ज़रूर देते हैं।
रामायण यही सिखाती है कि अगर तुम्हारे निर्णय सही हैं, तो देर से ही सही-जीत तुम्हारी ही होगी। और सबसे बड़ी जीत होगी —अपने आप पर गर्व करने की।