28/05/2026
वेस्टइंडीज के दिग्गज क्रिस गेल ने राजस्थान रॉयल्स के 15 साल के युवा ओपनर वैभव सूर्यवंशी के लिए दिल खोलकर रखा। आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मैच में एसआरएच के खिलाफ वैभव ने 29 गेंद पर 97 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 12 छक्के शामिल रहे। इस दौरान उन्होंने 'यूनिवर्स बॉस' के आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने के बड़े रिकॉर्ड को चकनाचूर किया।
वैभव ने अभी तक इस सीजन 65 छक्के जड़ लिए हैं, जबकि साल 2012 में क्रिस गेल ने 59 छक्के जड़ने का रिकॉर्ड बनाया था, जो अभी तक बरकरार था, लेकिन एसआरएच के खिलाफ 97 रन की पारी खेलकर उन्होंने क्रिस गेल को पछाड़ दिया। वैभव की इस पारी ने गेल को इंप्रेस किया और उन्होंने इंस्टाग्राम पर उनके लिए दो स्टोरी लगाई, जो तेजी से वायरल हो रही है।
दरअसल, गेल ने अपनी स्टोरी में 'बेबी यूनिवर्स बॉस' के बड़े टैग के साथ वैभव की शानदार ग्राफिक्स की तस्वीरें साझा , जिस पर लिखा था, 'शानदार वैभव सूर्यवंशी, एक नए सिक्सर मशीन।'
उन्होंने अपने एक्स पर लिखा, "वैभव कितना असाधारण और अद्भुत खिलाड़ी है। युवा खिलाड़ी, बेहतरीन मनोरंजन! न्यू सिक्स मशीन!
इसके अलावा दूसरी इंस्टा स्टोरी के जरिए उन्होंने सूर्यवंशी का हौसला भी बढ़ाया जो 29 गेंदों में IPL का सबसे तेज शतक बनाने से चूक गए, यह एक और रिकॉर्ड है जो क्रिस गेल के नाम है। गेल ने कहा कि भले ही सूर्यवंशी रहे, लेकिन वह आखिरकार वहां तक पहुंच ही जाएंगे।
क्रिस गेल द्वारा शेयर किए गए टीवी स्क्रीन के ग्रॉफिक्स में वैभव के 6 अद्भुत रिकॉर्ड्स ये रहे-
1. एक सीजन में किसी अनकैप्ड खिलाड़ी द्वारा सबसे ज्यादा रन (680)
2. एक आईपीएल सीजन में सबसे ज्यादा छक्के (65 छक्के,क्रिस गेल का रिकॉर्ड टूटा)
3. आईपीएल इतिहास में 200+ के स्ट्राइक रेट से 600 से अधिक रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज
4. किसी आईपीएल प्लेऑफ/नॉकआउट मैच में सबसे ज्यादा छक्के (12)
5. सबसे कम गेंदों में 10 छक्के लगाने का रिकॉर्ड(24 गेंदों पर)
6. आईपीएल के पावरप्ले में सबसे ज्यादा छक्के (8)