20/02/2026
हम समस्त अधिवक्ता साथियों की ओर से यह कहना चाहते हैं कि Bar Council of Uttar Pradesh के चुनाव, जो जनपद लखनऊ में रद्द किए गए थे, उनके पुनः आयोजन के संबंध में बार-बार संभावित तिथियों की घोषणा कर फिर उन्हें परिवर्तित किया जाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
इस प्रकार की अनिश्चितता ने न केवल संस्था की गरिमा को प्रभावित किया है, बल्कि उत्तर प्रदेश के सम्मानित अधिवक्ता साथियों को भी असमंजस एवं असुविधा की स्थिति में डाल दिया है। बार-बार बदलती तिथियाँ चुनाव प्रक्रिया को गंभीरता के स्थान पर मज़ाक का विषय बना रही हैं, जो किसी भी प्रकार से उचित नहीं है।
हम ऐसे चुनाव संचालन की स्पष्ट शब्दों में निंदा करते हैं। यदि चुनाव सम्पन्न कराने में किसी प्रकार की प्रशासनिक अथवा व्यवस्थागत कठिनाई है, तो उसे पारदर्शी रूप से अधिवक्ताओं के समक्ष रखा जाए। आवश्यकता पड़ने पर वरिष्ठ अधिवक्ता साथियों तथा उन बार एसोसिएशनों से सहयोग लिया जाए, जिन्होंने पूर्व में सफलतापूर्वक चुनाव सम्पन्न कराए हैं।
हमारा विनम्र निवेदन है कि यथाशीघ्र अंतिम एवं निश्चित तिथियों की औपचारिक घोषणा की जाए, जिससे समस्त प्रत्याशी एवं मतदाता उचित तैयारी कर सकें और संस्था की गरिमा पुनः स्थापित हो सके।