26/04/2026
विपक्षी दलों की संकुचित सोच के चलते पास नहीं हो पाया महिला आरक्षण अधिनियम : हर्ष मल्होत्रा
-भाजपा महिलाओं को उनका अधिकार देने व राजनीति में आगे लाने की पक्षधर-
हिसार। केन्द्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने महिला आरक्षण संशोधन अधिनियम लागू न होने के पीछे कांग्रेस व अन्य विपक्षी दलों की संकुचित सोच को जिम्मेवार ठहराया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नहीं चाहती कि महिलाओं को उनका हक मिले और वे राजनीति में आगे आएं।
केन्द्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा रविवार को भाजपा जिला कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश मजबूत हाथों में है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में देश दिन प्रतिदिन तरक्की के रास्ते पर है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार बनने के बाद महिलाओं को हर क्षेत्र में भागीदारी दी गई। यहां तक कि पैरा मिलिट्री फोर्स में भी महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया। दिल्ली में 27 साल बाद भाजपा सत्ता में आई और आते ही हरियाणा की बेटी रेखा गुप्ता को मुख्यमंत्री बनाया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को समान अधिकार व प्रतिनिधित्व देने की मंशा रखते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 16 से 18 अप्रैल तक संसद का विशेष सत्र बुलाया और नारी शक्ति वंदन अधिनियम पेश किया। यही नहीं, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इसका श्रेय भी नहीं लेना चाहते थे और यही कारण था कि उन्होंने अधिनियम रखते ही विपक्ष से अनुरोेध किया कि वे आगे बढ़कर इसे पास करवाएं ताकि महिलाओं को उनका अधिकार मिल सके।
मंत्री हर्ष मल्होत्रा नेे कहा कि कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, डीएमके व अन्य विपक्षी दलें ने यह अधिनियम केवल इसलिए पास नहीं होने दिया कि उनके परिवार की महिलाओं से निकलकर यह अधिकार आम महिलाओं तक पहुंच जाता। यही नहीं, विपक्ष ने यह भ्रम फैलाने का प्रयास भी किया कि दक्षिण में सीटें कम हो जाएंगी जबकि हर राज्य में जनसंख्या व वोटों के अनुपात के हिसाब से सीटें बढ़नी थी। उन्होंने कहा कि विपक्ष के लोगों ने यह भी मांग रखी कि मुस्लिम महिलाओं को अलग से आरक्षण दिया जाए लेकिन देश के संविधान में धर्म के आधार पर कोई आरक्षण का प्रावधान नहीं है। वास्तव में कांग्रेस व सपा के लोगों को अपनी जमीन खिसकने का डर था और इसी के चलते उन्होंने इस अधिनियम को गिरा दिया।
राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि कांग्रेस व विपक्षी दलों ने वर्ष 2014 से आज तक मोदी सरकार के हर कार्य का विरोध किया है, जबकि मोदी सरकार ने हर काम देश के हित में किया है। विपक्षी दलों को केवल इसी बात का डर सता रहा है कि कहीं जनहितैषी व देश हितैषी कार्यों का श्रेय मोदी सरकार न ले जाए। केन्द्रीय मंत्री ने स्पष्ट किया कि भाजपा सरकार महिलाओं को आरक्षण देकर कोई अहसान नहीं कर रही बल्कि यह उनका अधिकार है परंतु कांग्रेस व विपक्षी दल उनके अधिकार में रोड़े अटका रहे हैं।
जिला अध्यक्ष डॉ. आशा खेदड़ ने इस अवसर पर कहा कांग्रेस पार्टी को महिलाओं के अधिकारों से कोई सरोकार नहीं है। कांग्रेस कभी नहीं चाहती कि महिलाओं को उनके अधिकार मिले। यही वजह है कि कांग्रेस ने इस अधिनियम को पास नहीं होने दिया।
जिला मीडिया प्रभारी राजेन्द्र सपड़ा ने बताया कि पत्रकार सम्मेलन में उपरोक्त के अलावा पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. डीपी वत्स, मेयर प्रवीण पोपली, मीडिया प्रभारी राजेन्द्र सपड़ा, सह प्रभारी विक्रम कासनिया, कोषाध्यक्ष अशोक मित्तल, मंडल अध्यक्ष दीपक अग्रवाल, पूर्व प्रदेश सचिव सरोज सिहाग, राजकुमार इंदौरा, प्रोमिला पूनिया, सीमा गोदारा सहित अन्य भी मौजूद रहे।
फोटो बीजेपी 1: पत्रकारों से बातचीत करते केन्द्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा।
-जारीकर्ता
राजेन्द्र सपड़ा, मीडिया प्रभारी
मोबाइल नंबर : 9355557007